
हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हमीरपुर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में हमीरपुर संसदीय क्षेत्र के भाजपा प्रवक्ता अंकुश दत्त शर्मा ने कहा है कि दस दिन में दस गारंटी पूरी करने का वादा कांग्रेस चाहे भूल गयी हो लेकिन हम याद दिलाते रहेंगे कैसे जनता को बेवकूफ बना कर कांग्रेस ने सत्ता हथियाई है। उन्होंने कहा कि ना तो कांग्रेस संगठन और ना ही प्रदेश सरकार 31 अगस्त 2022 को कांग्रेस के प्रदेश मुख्यालय में भूपेश बघेल और राजीव शुक्ला द्वारा प्रदेश की जनता को दिए गए दस गारंटी को पूरा करने के वादे पर बात करना चाहती है और न ही उस वादे के बारे में सुनना चाहती है। और यदि कोई इनसे गारंटी पर प्रश्न पूछता है तो इन्हें गुस्सा आ जाता है। बहाने मार कर या फिर विषय बदल कर ध्यान बदलने की कोशिश कांग्रेस कर रही है।
प्रेम कौशल के ब्यान को आवश्यक बताते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा राहुल गांधी को अपराधी कानून और संविधान के अनुसार माना गया है न कि नड्डा या अनुराग ठाकुर के प्रभाव के कारण
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के ऊपर दिए गए प्रेम कौशल के ब्यान को अनावश्यक और खुद गढ़ी हुई कहानी बताते हुए अंकुश दत्त शर्मा ने कहा कि राहुल गांधी को कानून और सँविधान के अनुसार अपराधी माना गया है न की नड्डा और अनुराग ठाकुर के प्रभाव के कारण। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के प्रवक्ताओं को दस गारंटी पूरी कब होंगी इस पर ब्यान देने चाहिए। प्रदेश का विकास कब शुरू करेंगे यह बताना चाहिए। लेकिन दुर्भाग्य से प्रदेश का विकास ठप्प पड़ गया है। प्रदेश सरकार रूठों को मनाने और गुटबाज़ी साधने में ज्यादा व्यस्त चल रही है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा प्रदेश में कांग्रेस सरकार बहुत कर बैठी अब डिनोटिफाई करने की बारी जनता की है जिसकी शुरुआत शिमला से होगी
अंकुश दत्त शर्मा ने कहा कि प्रदेश में सैंकड़ों कार्यालयों, योजनाओं, शिक्षण व चिकित्सा संस्थानों के साथ साथ कांग्रेस की सरकार खुद की दी हुई दस गारंटियों को भी डिनोटिफाई करके यह सोच रही है भाजपा नेताओं को कोस कर पांच साल सत्ता के मजे लगे रहेंगे। लेकिन विधानसभा चुनावों में जनता को गुमराह करने में सफल रही कांग्रेस को हम याद दिलाते हैं कि उनकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। अब डिनोटिफाई करने की बारी जनता की है। जिसकी शुरुआत शिमला एमसी के चुनावों से जनता करेगी।







