
हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस सरकार 11 दिसंबर को अपना एक साल पूरा करने जा रही है और धर्मशाला में सरकार के द्वारा जहां इस बात का जश्न मनाया जाएगा। वहीं पूरे प्रदेश में भाजपा के द्वारा आक्रोश रैली भी निकाली जाएगी। इस आक्रोश रैली के माध्यम से प्रदेश सरकार से एक साल का भी हिसाब मांगा जाएगा।

हमीरपुर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हमीरपुर भाजपा के मंडल अध्यक्ष आदर्शकान्त और मीडिया प्रभारी विक्रान्त भारद्वाज ने कहा कि हमीरपुर में भी हजारों कार्यकर्ता आक्रोश रैली निकालेंगे और सरकार की जन विरोधी नीतियों का विरोध किया जाएगा।
विक्रान्त भारद्वाज ने कहा कि इस आक्रोश रैली में पूर्व मुख्यमंत्री आदरणीय प्रेम कुमार धूमल भी विशेष रूप से शामिल रहेंगे।
उन्होंने बताया कि कांग्रेस सरकार से भाजपा पूछती है कि आखिर किस बात का जश्न मनाया जा रहा है। क्योंकि एक साल तो बेहद खराब रहा है और एक साल में कोई भी उपलब्धि कांग्रेस सरकार की नही रही है।
उन्होंने कहा प्रदेश में यह पहली कांग्रेस सरकार है। जो हर काम में फेल रही है और जनता का मात्र एक साल में ही सरकार से भरोसा उठ गया है।
इसके अलावा कांग्रेस अपनी किसी भी गारंटी को पूरा नहीं कर पाई है और सरकार ने कई ऐसे फैसले लिए जिससे जनता को परेशानी उठानी पड़ी है।
विक्रान्त भारद्वाज ने कहा जिला हमीरपुर में 11 दिसंबर को गांधी चौक हमीरपुर में भाजपा कार्यकर्ता एकत्रित होंगे और हजारों कार्यकर्ता सरकार का विरोध करेंगे।







