
एस. राठौर / बिलासपुर
पिछले आठ दिनों से लापता 21 वर्षीय अंकित का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। समोह के जंगल में कथित तौर पर अंकित के शव का केवल नीचे का आधा हिस्सा ही गली सड़ी हालत में मिला है जबकि शरीर का उपरी भाग अभी तक नहीं मिल पाया है। हालांकि दिन को घटना स्थल के करीब चार किलोमीटर दूर शरीर के शेष भाग के मिलने की सूचना मिली थी लेकिन वह किसी जानवर का निकला। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में दहशत बनी है। एसपी बिलासपुर ने वीरवार शाम को बाकायदा विडियो बयान जारी कर हत्या के इस मामले की पुष्टि
की है।

हत्या किन कारणों से हुई है इस बात का अभी पता नहीं चल पाया है। बहरहाल पुलिस थाना झंडूता में भादंसं की धारा 302 (34) के तहत मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर जिले के समोह क्षेत्र से लापता हुए 21 वर्षीय एक युवक का शव क्षत. विक्षत हाल में घर से कुछ दूरी पर मिला है। मृतक युवक की पहचान अंकित (21) पुत्र रमेश कुमार के रूप में हुई है। अंकित पोलटेक्निकल कालेज कलोल में अंतिम वर्ष का छात्र था और कुछ दिनों पहले अचानक लापता हो गया था। जिसके बाद परिजन के साथ ही स्थानीय पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी अचानक अंकित का शव का एक हिस्सा मिलने के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई है। अंकित के शव का एक हिस्सा उसके घर के पास ही सुनसान इलाके में मिला है, जंगल में किसी व्यक्ति को को दुर्गधं आने से कुछ संदेह हुआ और उसने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। हत्या की खौफनाक वारदात की खबर तेजी से फैली और मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। वहीं सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक जेआर कटवाल भी मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत कर माहौल कर शांत करवाया। बाद में पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। युवक के परिजनों ने 19 जुलाई को गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। लापता होने के बाद उसके परिजन ने उसकी तलाश शुरू की थी लेकिन उसका पता नहीं चल सका था। बाद में पुलिस में भी इस संबंध में सूचना दी गई थी और पिछले कुछ दिनों से पुलिस भी उसकी तलाश कर रही थी। अब उसका शव मिलने के
बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब उसके कॉलेज के साथियों के साथ ही आसपास के इलाके में भी पूछताछ कर रही है।







