
एस.राठौर/ बिलासपुर
प्रदेश कांग्रेस महासचिव एवं झंडूता कांग्रेस नेता विवेक कुमार ने कहा है कि क्षेत्र में आवारा गौवंश की समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि विधायक इस समस्या का समाधान करने में असफल साबित हुए हैं। विवेक कुमार ने कहा कि इसका खामियाजा किसानों को भुगतना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से आवारा गौवंश की समस्या समाधान के लिए दो रुपये सैश का भी प्रावधान किया है। लेकिन झंडूता विधानसभा क्षेत्र में इस सैश की कितनी राशि मिल पाई है और क्षेत्र में कितनी गौशालाएं बनाई गई हैं,विधायक को इस पर श्वेत पत्र जारी करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से यह दावा किया गया था कि हर पंचायत में आवारा पशुओं की समस्या के समाधान को लेकर गौशालांए खोली जाएंगी। जिसके चलते झंडूता विधायक को आम जनता को इसका स्पष्टीकरण देना चाहिए कि झंडूता क्षेत्र में सैश की राशि से कितनी गौशालाएं खोली गई। वहीं, किसानों की समस्या का समाधान करने में अपनी भूमिका निभाई। विवेक कुमार ने कहा कि विधायक ने इस मसले पर जनता को गुमराह किया है। सरकार भी इस समस्या का समाधान करने में असफल रही है। आम जनता को ठगा गया है। किसान आज भी इस समस्या से जूझ रहे हैं। किसानों को अपनी फसलों को आवारा पशुओं से बचाने को लेकर रात के समय भी पहरा देना पड़ता है। झंडूता विधायक ने हवा हवाई ही बातें इस समस्या के समाधान के लिए की हैं। जबकि सरकार को इस समस्या को लेकर गंभीरता दिखानी चाहिए थी। उन्होंने कहा कि सड़कों पर आवारा पशुओं की भरमार देखी जा सकती है। अधिकतर हादसों का कारण भी आवारा पशु बन रहे हैं। जाम का कारण भी कई जगह पर यह आवारा पशु बन रहे हैं। लेकिन भाजपा के नेता इस समस्या के समाधान को लेकर लगातार दावे कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम जनता को अब भाजपा की कथनी व करनी का पता लग गया है। उन्होंने कहा कि झंडूता विधायक इस अहम समस्या को लेकर कोई साकारात्मक कदम नहीं उठा पाए हैं। जहां पर भी गौशालाएं बनाई गई हैं वह लोगों ने आपसी सहयोग व सहमति से खोली हैं। लेकिन विधायक इस मसले पर असफल साबित हुए हैं।







