
विवेक शर्मा / हमीरपुर
जिले के सुजानपुर उपमंडल के खैरी में 22 लोग ब्यास के बहाव में फंस गए है। पुलिस और प्रशासन के रेस्क्यू आपरेशन में 18 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।
बताया जा रहा है कि खैरी नामक जगह पर ब्यास किनारे अचानक ब्यास का जलस्तर बढ़ने से छह घरों में पानी घुस गया था जिससे छह परिवार यहां पर फंस गए। प्रशासन और पुलिस को सूचना मिलते ही इन लोगों को यहां से रेस्क्यू करने का कार्य शनिवार सुबह तड़के ही शुरू कर दिया गया है। गनीमत यह रही है कि कोई भी जानी नुकसान नहीं हुआ है। हिमाचल में बारिश से मची भारी तबाही के बीच हमीरपुर में यह भयानक तस्वीरें सामने आई हैं। रेस्कयू आॅपरेशन लगातार जारी है। यहां पर चार लोगों को अभी रेस्कयू किया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक खैरी नामक जगह पर रात के समय हुई भारी बारिश के चलते ब्यास का जलस्तर बढ़ने से घरों में पानी घुस गया। छह परिवारों के 22 लोग अपनी जान बचाने के लिए पहले तो घरों की छतों पर चढ़ गए। पौने सात बजे के करीब सुजानपुर थाना पुलिस को सूचना मिली। सवा सात बजे के करीब यहां पर रेस्कयू आॅपरेशन शुरू हुआ और साढ़े दस बजे तक 18 लोगों को पानी के बहाव की चपेट में डूबे घरों से बाहर निकाल लिया गया है। ब्यास का जलस्तर यहां पर खतरे के निशान से कहीं उपर आ गया है। पुलिस, होमगार्ड जवानों ने कड़ी मशक्कत के बाद लोगों को यहां पर रेस्क्यू किया है। एनडीआरएफ की टीम को भी यहां पर रेस्कयू के बुलाया गया था, लेकिन अधिकतर लोगों का रेस्क्यू होने पर टीम को वापस भेज दिया गया है। यहां पर पुलिस और होमगार्ड के जवान कार्य में जुटे हुए है। एसपी हमीरपुर आकृति शर्मा ने खबर की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर के खैारी में ब्यास का जलस्तर बढ़ने से पानी से डूबे घरों में फंसे 18 लोगों को रेस्क्यू कर लिया गया है। चार लोगों को यहां से निकाला जा रहा है। टीम कार्य कर रही है जल्द ही सभी लोग सुरक्षित होंगे।