
विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फोरम जिला हमीरपुर का छठा जिला सम्मेलन जिला अध्यक्ष जेपी चौहान की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। सम्मेलन में हमीरपुर, बड़सर नादौन, भोरंज, सुजानपुर के सभी इकाइयों के अध्यक्ष व सचिव सहित सैकड़ो पेंशनर्स उपस्थित रहे। सम्मेलन में बिजली बोर्ड प्रबंधन वर्ग के द्वारा कर्मचारी व पेंशनरों के प्रति अपनाए जा रहे उदासीन रवैये के खिलाफ रोष व्यक्त किया गया और प्रदेश सरकार से बोर्ड के प्रबंध निदेशक पद पर स्थाई अधिकारी की नियुक्ति करने की मांग उठाई गई । विद्युत बोर्ड पेंशनर्स फॉर्म जिला हमीरपुर में प्रबंधन बोर्ड के गलत निर्णय के चलते सरकार व मुख्यमंत्री की छवि खराब होने की भी बात कही ।

विद्युत बोर्ड इंप्लाइज यूनियन के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने कहा कि बिजली बोर्ड का प्रबंधन वर्ग कर्मचारियों के मसलों का समाधान करने में आनाकानी कर रहा है जिसके चलते समस्त पेंशनरों में भारी आक्रोश व्याप्त है। उन्होंने कहा कि बिजली बोर्ड के इतिहास में ऐसा नकारात्मक और गैर जिम्मेदार प्रबंधक वर्ग बोर्ड में कभी नहीं रहा। कुलदीप सिंह खरवाड़ा ने कहा कि विद्युत बोर्ड लिमिटेड में कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के उपरांत, लीव इन कैशमेंट व ग्रेच्युटी जैसे सेवानिवृत्ति के लाभों की अदायगी ना हो पाना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 1 साल से बोर्ड प्रबंधन की गलत नीतियों के चलते बोर्ड का आर्थिक ढांचा बहुत बुरी तरह चरमरा गया है और वित्तीय घाटा लगातार बढ़ता जा रहा है। बोर्ड का प्रबंधन वर्ग बोर्ड की गिरती वित्तीय स्थिति पर बिल्कुल भी गंभीर नहीं है ।
उन्होंने कहा कि विद्युत बोर्ड लिमिटेड के द्वारा पिछले 11 महीनों से पेंशनर्स व कर्मचारियों की अदायगियों से संबंधित कोई भी ड्राइंग लिमिट जारी नहीं हो पाई है और लगभग 350 करोड़ की ड्राइंग लिमिट पेंडिंग पड़ी है। उन्होंने कहा कि पुरानी पेंशन को बिजली बोर्ड के कर्मचारियों के लिए वहाल ना कर पाना बोर्ड प्रबंधन की नाकामियों को दर्शाता है। बोर्ड का प्रबन्धक वर्ग कर्मचारियों व पेंशनर्स में सौहार्द का माहौल बनाने की बजाय सड़कों पर उतरने के लिए उकसा रहा है जिसके चलते पेंशनर्स को अपने अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरने के लिए बाध्य होना पड़ेगा। प्रदेश सरकार को समय रहते बोर्ड हित में उचित कदम उठाने चाहिए। उन्होंने मांग करते हुए कहा कि पेंशनर्स के संशोधित वेतनमानों के लाभों को अति शीघ्र जारी करने व 4% महंगाई भत्ते की अधिसूचना जल्द जारी की जाएगी ।







