शिक्षा विभाग हमीरपुर ने मिशन लाइफ किया शुरू

हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- “विश्व पर्यावरण दिवस तक चलेगा स्कूलों में साफ-सफाई ,प्लास्टिक कचरा प्रबंधन और कचरा मुक्त स्कूल परिसर अभियान”
शिक्षा विभाग हमीरपुर ने स्कूलों में मिशन लाईफ शुरू कर दिया है। इस मिशन में स्कूलों में पर्यावरण जागरूकता अभियान के अंतर्गत साफ-सफाई, प्लास्टिक कचरा प्रबंधन, कचरा मुक्त परिसर, वर्मी कंपोस्ट इकाई स्थापित करना और जल संरक्षण कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। केंद्र व प्रदेश सरकार के वन ,पर्यावरण और जलवायु मंत्रालय के दिशा निर्देशानुसार चलने वाले मिशन लाइफ अभियान के तहत शिक्षा विभाग हमीरपुर स्कूलों में कर्मचारियों व बच्चों को जागरूक कर रहा है।स्कूलों में बच्चों को स्वच्छ पर्यावरण के लिए स्वस्थ जीवन शैली अपनाने की प्रतिज्ञा भी दिलाई जा रही है। प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक अशोक कुमार ने बताया कि इसी श्रृंखला में स्कूलों में स्थापित इको क्लब के माध्यम से बच्चों को कचरा प्रबंधन पर कार्यशाला लगाकर पर्यावरण के प्रति जागरूक करने सहित स्वस्थ जीवनशैली अपनाने बारे जागरूक किया जा रहा है। इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए सभी स्कूलों में बच्चे पर्यावरण पर पोस्टर मेकिंग , प्रश्नोत्तरी , पेंटिंग, वाद विवाद जैसी प्रतियोगिताओं में भाग लेकर पर्यावरण को स्वच्छ व स्वस्थ रखने का संदेश लोगों को देंगे। इस अभियान के दौरान स्वस्थ पर्यावरण और जीवन शैली के लिए प्लास्टिक के कम उपयोग, भोजन की बर्बादी कम करना, जल संरक्षण करना, पौधारोपण करना जैसे कार्यक्रमों बारे स्कूल के कर्मचारियों व बच्चों को रैली के माध्यम से जागरूक किया जाएगा। शिक्षा विभाग में कार्यरत जिला विज्ञान पर्यवेक्षक राजेश गौतम ने बताया कि इस बारे स्कूलों के सभी प्रधानाचार्यो, मुख्याध्यापकों व इको क्लब प्रभारियों को जानकारी दे दी गई है। साथ ही यह भी तय कर दिया है कि इस अभियान को समय पर पूरा किया जाए। इस अभियान से जुड़ी रिपोर्ट सभी स्कूल ‘मेरी लाइफ पोर्टल’ के माध्यम से केंद्र व प्रदेश सरकार को भेजेंगे।

[covid-data]