राजेंद्र राणा ने 4.11 करोड़ की लागत से बनने वाली सड़क का किया भूमिपूजन

हमीरपुर/विवेकानंद  वशिष्ठ  :- प्रदेश में कांग्रेस की सरकार सत्तासीन होने के बाद सुजानपुर विधानसभा हल्के के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़कों का नेटवर्क सुदृढ़ करने की प्रक्रिया तेज हो गई है और इसी कड़ी में विधायक राजेंद्र राणा ने आज 4 करोड़ 11 लाख रुपए की लागत से बनने वाली तपालधार से बजाहर वाया पटियाल बस्ती तक 4 किलोमीटर लंबी लिंक रोड़ का भूमि पूजन किया। 2020-21 में विधायक राजेंद्र राणा ने इस सड़क को विधायक प्राथमिकता में डाला था। उन्होंने ऐलान किया कि जल्द ही इस सड़क का निर्माण निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा ताकि जनता को इस सड़क का लाभ मिल सके।
विधायक राजेंद्र राणा ने कहा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के दूरदराज गांवों को सड़कों से जोड़ने के लिए उन्होंने कई सड़कें विधायक प्राथमिकता में डाली थी जिनमें से 35 करोड़ लागत की विभिन्न सड़कों को नाबार्ड से मंजूरी मिल चुकी है और उनका भी जल्दी ही भूमि पूजन करके निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा टोनी देवी से ऊहल, कक्कड़, जंगलबेरी तक बनने वाली सड़क के लिए 67 करोड़ की डीपीआर बनकर चली गई है जिसे जल्द ही स्वीकृत करवाया जायेगा।
राजेंद्र राणा ने कहा कि सुजानपुर से संधोल पुल तक सड़क की दशा सुधारने के भी जल्दी ही डीपीआर बनाने के लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं तथा आने वाले समय में इस सड़क को भी बढ़िया बनाया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनता द्वारा यहां पर रेस्ट हाउस के निर्माण की मांग भी रखी गई जिस पर विधायक राजेंद्र राणा ने कहा कि पर्याप्त बजट का प्रावधान करके रेस्ट हाउस के निर्माण की मांग भी पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को यहां बार बार बिजली की आंखमिचौली की समस्या से भी निजात दिलाई जाएगी और यहां विद्युत सब स्टेशन लगाने की भी जनता की मांग को भी पूरा किया जाएगा। इसके अलावा बिजली विभाग में आ रही स्टाफ की कमी को भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखकर जल्द पूरा किया जाएगा।
राजेंद्र राणा ने इस दौरान विभिन्न निर्माण कार्यों से जुड़ी अनेकों घोषणाएं की। उन्होंने सचुही में सामुदायिक भवन बनाने , फगुआं दा ग्राम में वर्षाशालिका बनाने, सचुही में लिंक रोड़ बनाने की भी घोषणा की।
राजेंद्र राणा ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि समूचा सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र उनका परिवार है और वह उनके लिए राजनीति सिर्फ जनता की सेवा का साधन है। उन्होंने कहा कि सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता जनार्दन के आपार स्नेह के कारण उन्हें तीसरी बार लगातार इस क्षेत्र का विधान सभा में प्रतिनिधित्व करने का सौभाग्य हासिल हुआ है। इस नाते से मैं हर किसी की सेवा करना अपना दायित्व मानता हूं।
[covid-data]