
हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय सुजानपुर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय करोट और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चबूतरा में बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत कॅरियर परामर्श एवं मार्गदर्शन कार्यशालाएं आयोजित कीं।
इस अवसर पर विद्यार्थियों का मार्गदर्शन करते हुए मनोविज्ञानी शीतल वर्मा ने छात्राओं को अपनी अभिरुचियों, योग्यताओं और क्षमताओं को पहचानने और उनका सही आकलन करने की विधियों का ज्ञान एवं अभ्यास करवाया। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति अपनी प्रतिभा एवं योग्यता का सही आकलन कर लेता है तथा अपनी अभिरुचि को अपने लक्ष्य की शक्ति बना लेता है, सफलता उसका निश्चित रूप से उसके कदम चूमती है। उन्होंने कहा कि समाज एवं अभिभावकों की अपेक्षाओं से विचलित हुए बिना तथा तनाव रहित होकर अपनी अभिरुचि को प्रमुखता देते हुए जो विद्यार्थी अपेक्षाओं से तारतम्य स्थापित कर लेता है वह समाज को भी नेतृत्व देने की शक्ति हासिल कर लेता है।
इस मौके पर करोट स्कूल की प्रधानाचार्य अनीता कुमारी और चबूतरा स्कूल के प्रधानाचार्य कुलदीप कुमार ने कार्यशालाओं के आयोजन के लिए बाल विकास परियोजना अधिकारी का आभार व्यक्त किया।







