
विवेक शर्मा हमीरपुर :- हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र की नेरी पंचायत के सामुदायिक भवन में विधायक नरेन्द्र ठाकुर की अध्यक्षता में अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम पर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। अपने संबोधन में नरेन्द्र ठाकुर ने कहा कि एससी, एसटी एवं 60 वर्ष से अधिक उम्र के कोई भी लोग जो न्याय पाने से वंचित रह जाते हैं, उन लोगों को जिला विधिक सहायता केंद्र में समस्याओं के समाधान और उनकी सहायता का सरकार ने उचित प्रावधान किया है। एससी व एसटी एक्ट, दुर्घटना, हत्या, पॉक्सो एक्ट आदि से लेकर आपसी झगड़ों का निपटारा जिला विधिक सहायता केंद्र में आवेदन देने के उपरांत नि:शुल्क वकील की सहायता केस लड़ सकते हैं। उन्होंने अनुसूचित जाति,अनूसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम 1989 के बारे विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि समाज की समस्त जातियों के लोगों को किसी भी धार्मिक स्थल, स्कूल-कॉलेज, समारोह व सार्वजनिक स्थानों पर जाने की स्वतंत्रता है और यदि इस संबंध में किसी के साथ कोई भी अशोभनीय व्यवहार करता है तो उसे सजा का प्रावधान है। इस अवसर पर नरेन्द्र ठाकुर ने जिला कल्याण विभाग के सौजन्य से पात्र लोगों को सिलाई मशीनें और सोलर लाइट वितरित की।
एक अन्य कार्यक्रम में नरेन्द्र ठाकुर ने भारतीय जनता पार्टी हमीरपुर मंडल के अनुसूचित जाति मोर्चा की अभ्यास वर्ग में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर मोर्चा के मंडल अध्यक्ष जोगिंदर कौंडल और जिला प्रशिक्षण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रेम सिंह भरमौरी विशेष रूप से उपस्थित रहे।







