
कहा सेना का अपमान और पहलगाम हत्याकांड को भूलकर भाजपा ‘तिरंगा यात्राओं’ में मना रही जश्न
संवाददाता, हमीरपुर
प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्य प्रवक्ता प्रेम कौशल ने भाजपा पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि जिस संगठन ने कभी अपने कार्यालयों या कार्यक्रमों में तिरंगा नहीं फहराया, आज वही अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए तिरंगा यात्राएं निकालकर देश के सम्मान का राजनीतिक इस्तेमाल कर रहा है। कौशल ने मीडिया को जारी बयान में कहा कि भाजपा नेता न सिर्फ सेना का अपमान कर रहे हैं, बल्कि सोफिया कुरैशी जैसी देश की बहादुर बेटी को धर्म से जोड़कर घटिया टिप्पणियां भी कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का पूरा नेतृत्व इन नेताओं को बचाने में लगा हुआ है, यहां तक कि अदालत के आदेशों की भी धज्जियां उड़ाई जा रही हैं।
कौशल ने पहलगाम में निर्दोष नागरिकों की सामूहिक हत्या करने वाले आतंकवादियों का जिक्र करते हुए कहा कि भाजपा के पास उनके लिए कोई जवाब नहीं है, लेकिन वह तिरंगा यात्राएं निकालकर जश्न मना रही है। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सेनाओं में से एक है और हर देशवासी को अपने जवानों पर गर्व है, क्योंकि वे ही तिरंगे की शान को बचाते हुए सीमाओं पर अपनी जान कुर्बान कर देते हैं। कौशल ने भाजपा नेताओं को फटकार लगाते हुए कहा कि जिन सैनिकों ने तिरंगे की रक्षा में अपने प्राण न्योछावर किए, उनका अपमान करने वालों को राष्ट्रीय ध्वज का राजनीतिक इस्तेमाल करने से पहले शर्म आनी चाहिए।