
वन एवं पर्यावरण मंत्रालय के आई.एफ.एस. अधिकारी श्री निशांत मंडहोत्रा रहे मुख्य अतिथि, 240 मेधावी छात्रों को मिला सम्मान
विशाल राणा, हमीरपुर
हिम अकादमी पब्लिक स्कूल का प्रांगण शनिवार को खुशियों और उत्सव के रंग में सराबोर हो गया, जहाँ बाल वाटिका से लेकर कक्षा तीन तक के नन्हे-मुन्ने कलाकारों ने ‘बैंड-1 वार्षिक समारोह’ के मंच पर अपनी प्रतिभा का जादू बिखेरा। इस अवसर पर वन एवं पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाले आई.एफ.एस. अधिकारी श्री निशांत मंडहोत्रा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि श्री मंडहोत्रा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस मौके पर विद्यालय के चेयरपर्सन श्री आर.सी. लखनपाल, वाइस चेयरपर्सन श्रीमती चंद्रप्रभा लखनपाल, निदेशक श्री पंकज लखनपाल, प्रधानाचार्या इंजीनियर नैना लखनपाल सहित शिक्षा समिति के सदस्य एवं अन्य गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत गणेश वंदना के मनमोहक प्रस्तुतिकरण से हुई। इसके बाद, छोटे-छोटे बच्चों ने एक से बढ़कर एक प्रदर्शन कर सबका दिल जीत लिया। बाल वाटिका के नन्हें सितारों का ‘सुपर स्टार्स डांस’ और ‘फ्री स्टाइल डांस’ देखते ही बनता था। कक्षा एक के बच्चों ने ‘अलादीन अरेबियन डांस’ से एक जादुई दुनिया का अहसास कराया, तो वहीं कक्षा दो के विद्यार्थियों ने महाराष्ट्र के लोकनृत्य और कोरियन इंटरनेशनल डांस से सांस्कृतिक विविधता की छटा बिखेरी।
देशभक्ति से ओत-प्रोत ‘ऑपरेशन सिंदूर’ ने सभी के रोंगटे खड़े कर दिए, जबकि एक शिक्षाप्रद नाटक के माध्यम से बच्चों ने सामाजिक सन्देश दिया। ‘फिट इंडिया’ जुम्बा प्रस्तुति ने ऊर्जा का संचार किया और कार्यक्रम का समापन रोशनी और छाया के जादुई संगम वाले ‘यूवी एक्ट’ के साथ हुआ, जिसने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्य अतिथि श्री निशांत मंडहोत्रा ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में छात्रों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं और विद्यालय के सामाजिक योगदान की सराहना की। कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या श्रीमती नैना लखनपाल एवं मुख्य अतिथि ने लगभग 240 मेधावी छात्रों को उनकी शैक्षणिक एवं सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत कर सम्मानित किया।

इस भव्य आयोजन की कमान ‘हैड बॉय’ आदर्श मन्हास, ‘हैड गर्ल’ अर्शिया सिंह चौहान, सिया शर्मा और रश्मिका ने मुख्य एंकर के रूप में संभाली, जबकि पुरस्कार वितरण का सुचारु संचालन श्रीमती सविता तथा छात्राओं सान्या एवं कनन ने किया। कार्यक्रम की सफलता में श्रीमती मनीषा मारवाह, श्रीमती पूजा ठाकुर, श्रीमती सीमा देवी एवं श्रीमती संगीता ठाकुर के योगदान को विशेष रूप से सराहा गया। प्रधानाचार्या ने समारोह को सफल बनाने के लिए समस्त शिक्षकों एवं कर्मचारियों के अथक परिश्रम के प्रति आभार व्यक्त किया।







