
विवेक शर्मा हमीरपुर :- एनआईटी हमीरपुर में कार्यरत महिला आउटसोर्स कर्मी ने जहरीला पदार्थ निगल कर आत्महत्या कर ली है। मामले में सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी छानबीन शुरू कर दी है। विवाहिता महिला रूचि जिला मुख्यालय से सटे पक्को भरो क्षेत्र की रहने वाली है। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर को महिला ने जहरीला पदार्थ निगल लिया और उसके बाद तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उसे अस्पताल में पहुंचाया। यहां पर महिला की गंभीर हालत को देखते हुए उसे मेडिकल काॅलेज टांडा के लिए रेफर कर दिया गया। टांडा में उपचार के दौरान बुधवार आधी रात को महिला ने दम तोड़ दिया है। मामले में अब पोस्टमार्टम के बाद वीरवार दोपहर को परिजनों को महिला का शव सौंपा जाएगा। अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि महिला ने किन कारणों के चलते आत्महत्या जैसा खौफनाक कदम उठाया है। महिला का पिता भी एनआईटी हमीरपुर में ही नौकरी करता है। महिला के मायके घनालकलां में हैं और मायके पक्ष वालों की तरफ से मामले में कोई शक जाहिर नहीं किया गया है। आत्महत्या के इस मामले में कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। जानकारी के मुताबिक एनआईटी हमीरपुर में कार्यरत रूचि का पति आईटीबीपी में कार्यरत है। रूचि की उम्र महज 30 वर्ष थी। रूचि एक छोटा बेटा और बेटी है जिन्हे वह अपने पीछे छोड़ गई है। मामले में सदर थाना पुलिस आगामी छानबीन में जुट गई है। महिला ने सुसाइड किन कारणों से किया है इसकी छानबीन भी जारी है। मामले में परिजनों के बयान भी कलमबद्व किया जाना बाकी है। सदर थाना हमीरपुर के प्रभारी संजीव गौतम ने कहा कि मामले में पुलिस छानबीन कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।