10 साल पहले बनी सड़कों का उद्घाटन कर गए केंद्रीय मंत्री बताएं निर्माण में क्या था उनका योगदान: राजेंद्र राणा

विवेक शर्मा हमीरपुर :- 2017 के चुनावों में हॉट सीट रही सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में चुनावी बेला में विकास कार्यों के उद्घाटन और शिलान्यास को लेकर कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने आ गए हैं। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर हिमाचल कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेंद्र राणा ने जुबानी हमला बोला है। राजेंद्र राणा ने प्रेस वार्ता कर हमीरपुर में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर पर विधायक प्राथमिकता से करवाए गए कार्यों का उद्घाटन करने के आरोप लगाए हैं।
राणा ने कहा कि केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पिछले दिनों उन विकास कार्यो का उद्घाटन करके लौटे हैं जो या तो आधे अधूरे हैं या फिर उनका निर्माण 10 वर्ष पहले किया जा चुका है। विधायक राजेंद्र राणा ने ऐसे कई विकास कार्यों का उदाहरण दिया है जोकि विधायक प्राथमिकता के तहत किए गए हैं।
राणा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा सरकार फट्टे लटकाने की होड़ में है। ऐसी सड़के हैं जो 7 वर्ष और 10 बरस पहले बनी है।  केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर का इन विकास कार्यों में कोई भी योगदान नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 5 साल में सुजानपुर में मिनी सचिवालय के काम को पूरा करने में कोताही बरती। यहां पर निर्माण कार्य करने के बजाय आधे अधूरे मिनी सचिवालय का ही उद्घाटन कर दिया गया और अभी तक यहां पर स्टाफ को शिफ्ट नहीं किया गया है।
राणा ने दावा किया कि सीआईडी की रिपोर्ट और आईबी की रिपोर्ट में सरकार सत्ता से बाहर होते देख अब भाजपा नेता इन कार्यों में जुटे हैं। कांग्रेस नेता पूर्व सांसद सुरेश चंदेल के पार्टी छोड़ने के बयान पर उन्होंने कहा कि चुनावों के दौर में इस तरह से नेता आते और जाते रहते हैं। उन्होंने कहा कि जब लोगों को यह लगता है कि उन्हें टिकट पार्टी से नहीं मिलेगा तो इस तरह की अदल बदल सामने आती है। उन्होंने दावा किया है कि दोनों दलों की तरफ से जब प्रत्याशियों के नाम तय होंगे तो कई लोग पार्टी छोड़कर एक दूसरे दलों में जाएंगे।
[covid-data]