
हमीरपुर/विवेकानंद वशिष्ठ :- जिला कांग्रेस कमेटी हमीरपुर द्वारा एक संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं कांगड़ा कोऑपरेटिव बैंक के चेयरमैन कुलदीप सिंह पठानिया, प्रदेश कोऑर्डिनेटर किसान कांग्रेस सुमन भारती , ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुरेश पटियाल, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुनील कुमार , जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी अंशुल शर्मा , शहरी कांग्रेस अध्यक्ष देवीदास शहंशाह , जिला किसान कांग्रेस के अध्यक्ष अजय शर्मा, जिला अनुसूचित विभाग के अध्यक्ष होशियार सिंह तथा समस्त जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों तथा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का धन्यवाद किया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र की पहली गारंटी योजना ओल्ड पेंशन स्कीम का वादा पूरा किया है। कर्मचारी वर्ग के पक्ष में लिए गए इस फैसले से हिमाचल प्रदेश का कर्मचारी वर्ग बहुत उत्साहित है । मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा पहली कैबिनेट में लिया गया यह फैसला यह दर्शाता है कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस की सरकार प्रदेश के हर वर्ग के विकास के लिए समर्पित है। प्रदेश के मुख्यमंत्री द्वारा लिए जा रहे फैसलों का प्रदेश का हर वर्ग प्रशंसा कर रहा है चाहे वह बेसहारा बच्चों के लिए लाई गई सुख आश्रय योजना हो या प्रदेश के युवाओं के हित में लिया गया फैसला स्टाफ सिलेक्शन कमीशन को निरस्त करना । ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ओल्ड पेंशन स्कीम लागू करके कर्मचारियों को नव वर्ष तथा लोहड़ी का तोहफा भी दिया है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा की जन विरोधी नीतियों से हिमाचल प्रदेश की जनता , युवा वर्ग और कर्मचारी वर्ग को बड़ी राहत मिली है। प्रदेश के विकास में अपना बहुमूल्य योगदान देने वाले कर्मचारियों की वृद्ध अवस्था को सुरक्षित करना प्रदेश सरकार का दायित्व बनता है । जबकि केंद्र की भाजपा और पूर्व प्रदेश भाजपा सरकार द्वारा कर्मचारियों और अधिकारियों की अनदेखी की जा रही थी । माननीय मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू द्वारा उन कर्मचारियों को यह सौगात दी गई है। कांग्रेस सरकार हमेशा से ही कर्मचारियों और अधिकारियों की पक्षधर रही है और इस बार भी प्रदेश के कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग को कांग्रेस सरकार ने पूरा कर दिया है इसके लिए प्रदेश के समस्त कर्मचारी वर्ग को बहुत-बहुत बधाई एवं शुभकामनाएं।