स्व. वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण 23 जून के स्थान पर अब 15 जुलाई को, कांग्रेस का शीर्ष नेतृत्व रहेगा मौजूद

शिमला (विशेष संवाददाता)।
पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण अब 23 जून के स्थान पर 15 जुलाई को ऐतिहासिक रिज मैदान, शिमला में किया जाएगा। राजा वीरभद्र सिंह फाउंडेशन के अध्यक्ष एवं लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रतिमा बनकर तैयार हो चुकी है और जल्द ही रिज पर स्थापित कर दी जाएगी।

विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि कांग्रेस की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी, वर्तमान अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने इस कार्यक्रम में शामिल होने की इच्छा जताई है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी के अस्वस्थ होने तथा 23 जून को उनकी पूर्वनिर्धारित व्यस्तताओं के कारण नई तिथि निर्धारित की गई है।

मंत्री ने कहा कि स्व. वीरभद्र सिंह न केवल हिमाचल बल्कि देश के प्रख्यात नेता थे, इसलिए उनके सम्मान में आयोजित इस कार्यक्रम में विपक्ष के नेताओं सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लेने की इच्छा व्यक्त की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, समस्त मंत्रिमंडल सदस्य एवं विधायक भी इस ऐतिहासिक अवसर पर उपस्थित रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि 24 जून को रामपुर बुशहर में स्व. वीरभद्र सिंह का चतुर्थ श्राद्ध समारोह भी आयोजित किया जाएगा, जिसमें सभी को शामिल होने का आग्रह किया गया है। इसके अलावा, 22 जून को रिज मैदान में अंतरराष्ट्रीय मुक्केबाजी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश के खिलाड़ी भाग लेंगे।

[covid-data]